
बस अड्डा पौड़ी में कहासुनी के बाद मारपीट, दोनों पक्षों के पांच युवक गिरफ्तार
पौड़ी। बस अड्डा पौड़ी में मंगलवार रात किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सार्वजनिक स्थान पर दोनों पक्षों के युवकों के बीच हुए विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पांच युवकों को रात्रि में ही गिरफ्तार कर लिया।
घटना के दौरान बस अड्डे के समीप ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले युवकों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 126/135/170 BNSS के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार युवकों में प्रथम पक्ष से पीयूष कौशिक (31) निवासी श्रीनगर रोड, पौड़ी और राहुल उनियाल निवासी श्रीनगर रोड, पौड़ी शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से नितेश सकलानी (34) निवासी कोटद्वार, हिमांशु (29) निवासी लालपुर, कोटद्वार और सौरभ नेगी (29) निवासी पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार किया गया है।