
चालक का अपहरण कर खाते से रुपए ट्रांसफर कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
देवास। लोडिंग वाहन चालक का अपहरण कर मारपीट करने और उसके खाते से जबरन रुपए ट्रांसफर कराने वाले दो आरोपियों को थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार वृंदावनधाम कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय दिपेश सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जून की रात वह अपनी सुपर कैरी वाहन में सीएनजी भरवाने एबी रोड बायपास स्थित पेट्रोल पंप गया था। वहां से निकलते समय एक कार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार दो युवकों ने उससे गाली-गलौज और मारपीट की तथा वाहन क्षति का हवाला देकर ₹20 हजार की मांग की।
आरोप है कि रुपए नहीं देने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल और वाहन की चाबी छीन ली तथा उसे जबरन कार में बैठाकर विभिन्न स्थानों पर घुमाया। इस दौरान मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई और उसके फोन-पे खाते से ₹4,437 अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए गए।
शिकायत के आधार पर थाना नाहर दरवाजा में प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
• अनिकेत ठाकुर (26), निवासी गोपालपुरा, जिला सीहोर
• दीपेन्द्र सिंह ठाकुर (30), निवासी गोपालपुरा, जिला सीहोर
जब्त सामग्री
• मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP13AK0785 (कीमत लगभग ₹9.56 लाख)
• घटना में उपयोग किए गए मोबाइल फोन
त्वरित जांच से खुलासा
नाहर दरवाजा पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कार की पहचान की। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया गया।