नदबई में SC/ST एक्ट के दुरुपयोग का आरोप, ग्रामीणों ने आईजी से लगाई गुहार
भरतपुर। नदबई थाना क्षेत्र के गांव भौसींगा के दर्जनों ग्रामीण बुधवार को भरतपुर पहुंचकर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने एक शराब ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने अपने गोदाम में स्वयं आग लगाकर निर्दोष लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार लगातार SC/ST एक्ट का दुरुपयोग करते हुए गांव के लोगों पर फर्जी एफआईआर दर्ज करवा रहा है और समझौते के नाम पर पैसे ऐंठने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है।
पीड़ित ग्रामीणों ने आईजी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच की जिम्मेदारी नदबई और उच्चैन के सीओ से हटाकर किसी अन्य स्वतंत्र अधिकारी को सौंपी जाए। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच से ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सकेगी।
Weir, Bharatpur | Jun 12, 2026