
तारानगर। बस में सफर कर रही एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़कर चोरी करने के मामले में तारानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि दूधवाखारा निवासी भारती पत्नी सुनील कुमार ने तारानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपनी बहन के साथ पीहर जाने के लिए तारानगर बस स्टैंड से रोडवेज बस में सवार हुई थी। बस चलने के दौरान पीछे की सीट पर बैठी दो महिलाओं ने मौका पाकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। मंगलसूत्र टूटने का अहसास होने पर महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर राजगढ़ ऋषिपाल सिंह चारण तथा वृत्ताधिकारी रोहित सांखला के निर्देशन में तारानगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान चिंकी उर्फ चमेली पत्नी सतु बावरी (40 वर्ष) तथा ममता पत्नी सुभाष उर्फ अशोक बावरी (22 वर्ष) निवासी वार्ड संख्या 5, रामदेव मंदिर के पास, कस्बा साहवा, जिला चूरू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की पूछताछ जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी चिंकी उर्फ चमेली के खिलाफ चोरी और लूट से जुड़े कई मामले पूर्व में भी विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं ममता के खिलाफ भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है।
इस कार्रवाई में तारानगर थाना प्रभारी सतपाल विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
#तारानगर #taranagar #LadyDon #churu #ChuruPolice Kunj Bihari Birmiwala Churu Police Thar ki Awaaz AJAY
Churu, Churu | Jun 19, 2026