
मुख्य चिकित्सा अधिकारी का औचक निरीक्षण: अवैध पैथकाइंड लैब सील, फार्मासिस्ट का वेतन रोका
बहराइच / मिहिपुरवा: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय कुमार ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मिहिपुरवा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मोतीपुर और PHC सेमरी घटही का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान मिली गंभीर अनियमितताओं पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने विकासखंड मोतीपुर में बिना मान्यता के चल रहे 'पैथकाइंड' पैथोलॉजी सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील करा दिया।
फर्मासिस्ट पर गिरी गाज PHC सेमरी घटही में तैनात फार्मासिस्ट महेश्वरी प्रसाद शुक्ला ड्यूटी स्थल के बजाय मोतीपुर अस्पताल में पाए गए।
इस लापरवाही पर सीएमओ ने उनका वेतन तत्काल प्रभाव से रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
अस्पतालों की व्यवस्था पर कड़ी फटकार: PHC सेमरी घटही में व्याप्त अव्यवस्थाओं और गंदगी पर सीएमओ ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी को एक सप्ताह के भीतर दवाओं की उपलब्धता, नियमित साफ-सफाई और बेड पर साफ-सुथरे चादर व गद्दे बिछाने की व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया।
जननी सुरक्षा योजना का शत-प्रतिशत भुगतान: CHC मिहिपुरवा के निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी लैब, डिलीवरी रूम और ड्रग स्टोर की जांच की गई।
सीएमओ ने निर्देश दिए कि जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसूताओं को मिलने वाली ₹1400 की धनराशि का समय से शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
मिहिपुरवा अस्पताल में डॉ. प्रमोद कुमार और डॉ. अरविंद कुमार कटियार ओपीडी में मरीजों का इलाज करते मिले। ड्रग स्टोर प्रभारी को सभी रिकॉर्ड अपडेट रखने और समय पर इंडेंट भेजकर दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।