
डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी में बड़ा खुलासा! मुजफ्फरपुर पुलिस ने दूसरे आरोपी को दबोचा, ₹2.64 लाख होल्ड
मुजफ्फरपुर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, पीड़िता से ठगी गई रकम में से 2 लाख 64 हजार 748 रुपये होल्ड कराए गए हैं।
दरअसल, साइबर अपराधियों ने रागिनी देवी को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबरों से फोन किया। खुद को सीबीआई अधिकारी और पुलिसकर्मी बताकर उनके परिवार के एक सदस्य की गिरफ्तारी का डर दिखाया गया। इसके बाद डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर-धमकाकर कुल 3 लाख 47 हजार 999 रुपये की ठगी कर ली गई।
इस मामले में 8 सितंबर 2026 को मुजफ्फरपुर साइबर थाना कांड संख्या 140/26 दर्ज किया गया था।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर उत्तर प्रदेश के देवरिया से टीपू कुशवाहा को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।
अब 17 अक्टूबर को पुलिस ने बांका जिले के केवल प्रिंस कुमार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते पर नौ राज्यों से कुल 14 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
पीड़िता की राशि वापस कराने की प्रक्रिया जारी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
#TirhutNow #DigitalArrest #CyberCrime #MuzaffarpurPolice #CyberFraud