
59वीं जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ
करनाल, 22 अगस्त 2026। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, करनाल द्वारा आयोजित 59वीं जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप–2026 का आज करनाल के करन स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है।
चैंपियनशिप का शुभारंभ असंध के विधायक श्री योगेंद्र राणा जी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर लिबर्टी शूज़ लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री रमन बंसल जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला बैडमिंटन एसोसिएशन को शुभकामनाएं दीं।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 9 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में करनाल जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को कैश प्राइज, प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रमन बंसल ने कहा कि इस चैंपियनशिप का उद्देश्य बच्चों से लेकर वरिष्ठ खिलाड़ियों तक सभी आयु वर्गों को बेहतर मंच प्रदान करना और करनाल में बैडमिंटन खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी श्री दीपक पंडित, पैट्रन श्री हरीश मक्कड़, टेक्निकल एडवाइजर श्री गुरमीत कपूर, कैशियर श्रीमती अंजलि शर्मा, श्री प्रदीप चीमा, श्री विक्रांत महाजन, श्री राहुल चानना, डॉ. बृज, श्री योगेश अरोड़ा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय यह चैंपियनशिप 24 अगस्त 2026 तक चलेगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
Karnal, Karnal | Aug 22, 2026