बिजली हादसों के पीड़ित परिवारों को मिली आर्थिक राहत, विधायक ने सौंपे सहायता चेक
ओसियां क्षेत्र में बिजली हादसों में जान गंवाने वाले दो लोगों के आश्रितों को बुधवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। तिंवरी स्थित डिस्कॉम के सहायक अभियंता कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भैराराम सियोल ने विभागीय प्रावधानों के तहत दोनों परिवारों को 5-5 लाख रुपए के सहायता चेक सौंपे। कुल 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता वितरित की गई।
कार्यक्रम में मंडियाई खुर्द निवासी दिवंगत टिकुराम की पत्नी भंवरी देवी को 5 लाख रुपए तथा भूकरों की ढाणी, घेवड़ा निवासी दिवंगत सुआदेवी के पुत्र भगवानाराम को 5 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया।
विधायक भैराराम सियोल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्युत दुर्घटनाओं से हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि कठिन परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।
Osian, Jodhpur | Jul 1, 2026