
सिरसा की आरजू का NEET-BSc Nursing में शानदार रैंक:पहले परीक्षा रद्द हुई, फिर भी नहीं हारी हिम्मत; बेटियों के लिए बनी प्रेरणा......
सिरसा जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी की आरजू सहारण ने दो प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में देशभर में 55वीं रैंक प्राप्त की है।
साथ ही आरजू ने NEET-2026 यूजी में 604 अंक हासिल कर ऑल इंडिया 8779वीं रैंक प्राप्त की है। एक साथ दो परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन ने उन्हें क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बना दिया है।
आरजू ने बताया कि NEET की पहली परीक्षा में उन्हें 680 अंक मिले थे, लेकिन बाद में वह परीक्षा रद्द हो गई थी। उन्होंने निराश होने के बजाय अपनी तैयारी को और मजबूत किया। दोबारा पूरी लगन से परीक्षा की तैयारी की और फिर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 604 अंक हासिल किए।
ऑल इंडिया 55वीं रैंक प्राप्त करना गर्व
आरजू का कहना है कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी लगातार मेहनत करते रहने से मिलती है। उन्होंने बताया कि बीएससी नर्सिंग के लिए देशभर में करीब 1200 सीटों पर प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। ऐसे कड़े मुकाबले में ऑल इंडिया 55वीं रैंक प्राप्त करना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है।
गुरुजनों और परिवार का निरंतर सहयोग
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के निरंतर सहयोग को दिया है। आरजू ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान प्रतिदिन 12 से 15 घंटे नियमित अध्ययन किया। समय का सही प्रबंधन, लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।
आरजू के पिता सुभाष सहारण खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता अनिता सहारण स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, परिवार ने बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी।
#sirsa #neet #rank #haryana #takkartoday #viral #result
Sirsa, Sirsa | Jul 17, 2026