
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं चंदौसी एसडीएम आशुतोष तिवारी के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, ग्राम समाज की भूमि को कराया गया कब्जा मुक्त
चंदौसी (संभल)। जनपद में सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं उप जिलाधिकारी आशुतोष तिवारी के निर्देशन में तहसील चंदौसी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बुध नगर खंडवा में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम समाज की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर भवन निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण एवं कब्जे की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। इस अभियान में नायब तहसीलदार सत्येंद्र चहाल, राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार , लेखपाल सुशील कुमार, लेखपाल अनुराधा शर्मा, लेखपाल हरकिशोर, लेखपाल विनीत सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंदौसी कोतवाली पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्राम समाज एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें और यदि कहीं अवैध कब्जे की जानकारी हो तो प्रशासन को तत्काल सूचित करें।
जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।