
उल्टी करने के लिए रुकी बोलेरो, तेज रफ्तार पिकअप ने तीन युवकों को कुचला
बालेसर। जोधपुर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर आगोलाई के निकट शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की जान चली गई। सड़क किनारे खड़ी बोलेरो के पास खड़े तीनों युवकों को पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में बोलेरो में सवार दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार गंगाणा चोखा गांव निवासी दयालनाथ अपनी पत्नी और पांच बच्चों को ससुराल से लेकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बोलेरो से लौट रहा था। रास्ते में राजूनाथ की तबीयत बिगड़ने पर आगोलाई स्थित कालका माता मंदिर के पास बोलेरो रोक दी गई। राजूनाथ, दयालनाथ और प्रकाशनाथ वाहन से नीचे उतरकर खड़े थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मारते हुए तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में राजूनाथ, दयालनाथ और प्रकाशनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो में सवार दो बच्चों को हल्की चोटें आईं, जिनका बालेसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।
सूचना मिलते ही बालेसर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को मॉर्च्यूरी भिजवाया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।