
गाडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में मैनेजमेंट, विद्यार्थियों और स्टाफ ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
विद्यार्थियों ने ताड़ासन, भुजंगासन सहित किए कई योगासन
नियमित योग से बढ़ती है एकाग्रता और आत्मविश्वास: मैडम लखविंद्र कौर बराड़
योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक: मनिंद्र सिंह सरां
फाजिल्का,22 जून(वर्मा): गाडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में मैनेजमेंट, विद्यार्थियों और स्टाफ द्वारा मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली और योग के महत्व से अवगत करवाने के उद्देश्य से एक विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस बारे जानकारी देते हुए कोच मोहित सर ने बताया कार्यक्रम में स्कूल की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग और मेडिटेशन की विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए स्कूल के प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक शांति और संतुलन का भी आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कुछ समय योग और ध्यान के लिए निकालने की प्रेरणा दी ताकि वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बन सकें।
मैनेजिंग कमेटी सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए मानसिक एकाग्रता अत्यंत आवश्यक है, जिसे योग के माध्यम से मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग तनाव को कम करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने का सबसे प्रभावी साधन है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, कटिचक्रासन, हस्त उत्तानासन, पादहस्तासन, भुजंगासन, पर्वतासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर योग के प्रति अपनी रुचि दिखाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरलाल सिंह कबड्डी कोच तथा गुरलाल सिंह सॉफ्टबॉल कोच समेत समूह स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
#godwinpublicschoolghallu #fazilkasamachar #fazilka