
लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्ग साधु से लूट, शाहनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग साधु के साथ लिफ्ट देने के बहाने लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महंगवा घाट निवासी 65 वर्षीय बाला प्रसाद सिंह राठौर, जो पूजा-पाठ का कार्य करते हैं, 24 जुलाई को इलाज कराने शाहनगर अस्पताल आए थे। इलाज के बाद गांव लौटने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें महंगवा घाट तक छोड़ने का भरोसा देकर अपने साथ बैठा लिया।
रास्ते में आरोपियों ने पहले पेट्रोल भरवाने और फिर खमतरा में पड़वा देखने का बहाना बनाया। इसके बाद वे बुजुर्ग को विसानी गांव के आगे सतधारा-शहपुरा तिराहे के पास सुनसान जंगल में ले गए और उनके कंधे से टंगा थैला जबरन छीनकर फरार हो गए।
लूटे गए थैले में ₹12 हजार नकद, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, गैस कनेक्शन बुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। पीड़ित किसी तरह अपने गांव पहुंचे और परिजनों के साथ शाहनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शाहनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की। सोमवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय पवई में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह मामला एक बार फिर सावधान करता है कि अनजान लोगों के वाहन में बैठने से पहले पूरी सतर्कता बरतना जरूरी है। पुलिस ने भी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
#ShahnagarPolice #PannaPolice #LootCase #CrimeNews #BreakingNews #Panna #Shahnagar #MahangwaGhat #PoliceAction #BNS #MadhyaPradesh #CrimeUpdate #Justice #PublicSafety #HindiNews #MPNews #ViralNews #GajendraSinghRathoreNews