
देवरिया: बिहार भेजी जा रही 100 बोरी यूरिया जब्त, पिकअप समेत खाद पकड़ी गई; तीन के खिलाफ FIR
#देवरिया। जिले में यूरिया की अवैध तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही खाद की खेप को सीमा पर पकड़ लिया। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 100 बोरी ग्रोमोर ब्रांड यूरिया और 100 किलोग्राम 'जय किसान' ब्रांड मैग्निशियम सल्फेट बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर श्रीरामपुर थाना पुलिस ने बिहार सीमा से सटे चित्रसेन, बनकटा में पिकअप वाहन BR29P-4707 को रोककर जांच की। जांच में वाहन में यूरिया और मैग्निशियम सल्फेट की खेप मिली, जिसे अवैध रूप से बिहार भेजा जा रहा था।
जांच में मेसर्स जनपद खाद एण्ड बीज भंडार के प्रोपराइटर नितिश यादव, फर्म संचालक मुकेश सिंह तथा वाहन चालक बदन यादव की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। प्रशासन के अनुसार प्रथम दृष्टया तीनों के बीच आपसी गठजोड़ प्रतीत हुआ।
जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद संबंधित फर्म के प्रोपराइटर, संचालक और वाहन चालक के खिलाफ श्रीरामपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
डीएम ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध परिवहन, टैगिंग और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जाए। यदि कोई उर्वरक विक्रेता नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#Deoria #DeoriaNews #BreakingNews #UreaSmuggling #Fertilizer #BiharBorder #UPPolice #Agriculture #DeoriaPost