
# देचू में ट्यूबवेल पर मिला परिवार का अंत, दंपती सहित दो बच्चों की मौत से सनसनी
**फलोदी/देचू।** देचू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक कृषि ट्यूबवेल पर एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार घटना देचू तहसील मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित एक कृषि ट्यूबवेल की है। मृतक परिवार मूल रूप से पाली जिले के रोहिट क्षेत्र के मॉरिसर गांव का रहने वाला था और पिछले करीब चार वर्षों से यहां खेती का कार्य कर रहा था।
मृतकों की पहचान गेनाराम पटेल (35), उनकी पत्नी पुष्पा (32), पुत्री खुशबू (13) और पुत्र किशन (11) के रूप में हुई है। महिला और दोनों बच्चों के शव चारपाई पर मिले, जबकि गेनाराम का शव पास ही फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना पर देचू थानाधिकारी विक्रम सिंह चारण, फलोदी पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह और वृताधिकारी भवानी सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में गेनाराम द्वारा पहले पत्नी और दोनों बच्चों का गला दबाकर हत्या करने और बाद में खुद फंदा लगाकर आत्महत्या करने की आशंका है। हालांकि अधिकारी इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं मान रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। एक साथ चार लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।