
एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने बाइक चोर को किया गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक बरामद
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 3 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर फतेहपुर नहर पुल होते हुए उत्तर प्रदेश की तरफ जाएगा। इस सूचना के आधार पर मुख्य सिपाही हरबिलास, सुमित, संदीप, योगेश, नरेश नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा संभावित स्थान पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। नाकाबंदी के दौरान कुछ समय बाद एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर जांच की, तो मोटरसाइकिल के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। गहन पूछताछ करने पर उक्त मोटरसाइकिल चोरी की निकली। आरोपी ने स्वीकार किया कि यह बाइक उसने जनवरी 2023 को सिविल हॉस्पिटल जगाधरी से चोरी की थी। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान गंगानगर कॉलोनी निवासी कामिल पुत्र आशिक के रूप में हुई। आरोपी से आगे पूछताछ करने पर उसके कब्जे से चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने दूसरी बाइक 9 जुलाई 2026 को गाबा अस्पताल के सामने से चोरी की थी। इसके अलावा आरोपी से एक चोरी की और बाइक ब्बरामद हुई है जिसका इंजन नंबर व चेसी नंबर खुर्चा हुआ था। इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी द्वारा की गई बरामदगी से वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Haryana, India | Aug 18, 2026