
तरियानी मरहल्ला लूटकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: गोलीकांड के आरोपी शिवम गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल बरामद
शिवहर। तरियानी थाना क्षेत्र के मरहल्ला गांव में हुई लूट की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम कुमार, पिता विश्वनाथ सहनी, निवासी पुरैनिया, थाना मीनापुर, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को मरहल्ला गांव में अज्ञात बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने पीड़ितों से करीब 16 मोबाइल फोन और 1.50 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सचिन कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया था।
घटना के बाद सचिन कुमार के फर्दबयान पर तरियानी थाना में कांड संख्या 241/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, शिवहर के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तरियानी थानाध्यक्ष और डीआईयू टीम को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार जांच और छापेमारी की। इसी क्रम में 26 अगस्त 2026 को मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी थी। इसी कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ शिवम कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शिवम कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मीनापुर और मुसरीघरारी थाना में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है।