
भागलपुर में बाइक चोरी की कोशिश फेल, दो शातिर चोर रंगे हाथ पकड़े गए, भीड़ ने सिखाया सबक
भागलपुर। इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर इलाके में बाइक चोरी की एक कोशिश स्थानीय लोगों की सतर्कता से नाकाम हो गई। बाइक का लॉक तोड़ रहे दो युवकों को दुकानदार ने रंगे हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, भीखनपुर मुख्य सड़क के पास खड़ी एक बाइक का लॉक तोड़ने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान दुकान संचालक की नजर दोनों संदिग्ध युवकों पर पड़ गई। दुकानदार ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया और शोर मचा दिया। देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित भीड़ ने दोनों की धुनाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही इशाकचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में दोनों के पास से नशीला पदार्थ बरामद होने की बात सामने आई है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशे की लत पूरी करने के लिए आरोपी बाइक चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है तथा इनके आपराधिक इतिहास और संभावित बाइक चोर गिरोह से संबंधों की जांच में जुटी हुई है।
#Bhagalpur #BikeTheft #IshakchakPolice #CrimeNews #BiharNews #Bhikhanpur #BreakingNews
Amarpur, Banka | Jun 17, 2026