
JPSC में सुधार की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का सरकार को अल्टीमेटम
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की कार्यप्रणाली में सुधार, रिक्त पदों पर नियुक्ति और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने सरकार के सामने अल्टीमेटम रखा है। रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि 7 अक्टूबर तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने पर राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका उद्देश्य बार-बार आंदोलन करना नहीं, बल्कि JPSC की भर्ती प्रक्रिया में स्थायी, पारदर्शी और समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करना है। छात्रों ने रिफॉर्म कमेटी का तत्काल गठन करने और उसमें अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग की।
इसके अलावा UPSC की तर्ज पर वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने, आयोग में रिक्त अध्यक्ष और सदस्यों के पदों को भरने तथा भर्ती प्रक्रिया को पूरी क्षमता से संचालित करने की मांग की गई।
अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के पैटर्न में बदलाव, कटऑफ व मार्कशीट समय पर जारी करने और प्रीलिम्स व मेन्स के बीच पर्याप्त तैयारी समय देने की मांग भी रखी। मुख्य परीक्षा में झारखंड के इतिहास, भूगोल, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय भाषाओं को उचित महत्व देने की मांग की गई।
साथ ही कॉपियों के मूल्यांकन में पारदर्शिता और हितों के टकराव से बचने की व्यवस्था तथा इंटरव्यू तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के लिए वैकल्पिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
#JPSC #JPSCReform #Jharkhand #Ranchi #JPSCExam #JharkhandStudents #JPSCStudents