
एसआईआर के काम में लापरवाही बरतने वाले थानेसर विधानसभा बूथ नंबर 104 के बीएलओ को किया सस्पेंड :विश्राम कुमार मीणा
-नागरिकों से बचे हुए 3 दिनों में अपने एन्यूमरेशन फॉर्म बीएलओ के पास जमा करवाने की करी अपील
-उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने यूनिवर्सिटी के नॉन टीचिंग क्लब में बनाए गए 4 बूथों का किया निरीक्षण
-जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ रजिस्टर से नंबर लेकर 4 मतदाताओं को किया फोन
634432 मतदाताओं यानी 80.94 प्रतिशत मतदाताओं का डाटा किया डिजिटाइजेशन
कुरुक्षेत्र, 11 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य में लापरवाही बरतने वाले थानेसर विधानसभा के बूथ नंबर 104 के बीएलओ को सस्पेंड किया गया है। बीएलओ की एसआईआर के कार्य को करने में कोई रुचि नहीं थी, कई बार बूथ से नागरिकों व अन्य अधिकारियों की शिकायत भी लगातार आ रही थी और आज निरीक्षण के दौरान भी बीएलओ अपने मतदान केंद्र पर मौजूद नहीं पाया गया। सभी बिंदुओं को देखते हुए बीएलओ को सस्पेंड किया गया और बूथ पर दूसरे बीएलओ को नियुक्त किया गया है, ताकि 14 जुलाई तक बूथ पर एसआईआर के कार्य को पूरा किया जा सके।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शनिवार को यूनिवर्सिटी के नॉन टीचिंग क्लब में बनाए गए थानेसर विधानसभा के बूथ नंबर 104, 105, 106 व 107 बूथों का निरीक्षण कर रहे थे। उपायुक्त ने बूथ पर मौजूद नागरिकों से बातचीत कर प्रक्रिया को समझा और उनसे अपील की कि वो अपने आसपास व सगे संबंधियों को भी एन्यूमरेशन फार्म को बीएलओ के पास जा करवाएं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने संबंधित बीएलओ से भौतिक सत्यापन, फॉर्म संग्रहण और मतदाता जागरूकता की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान बूथ स्तर पर जाकर रजिस्टर और दस्तावेजों की जांच की और बीएलओ से मतदाता सूची का प्रिंटआउट, घर-घर जाकर भरे गए फॉर्म और गणना रजिस्टर का मिलान किया। उपायुक्त ने मौके पर ही मतदाताओं से फोन पर सीधे बातचीत कर फीडबैक भी लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए और कोई भी अयोग्य नाम सूची में नहीं रहना चाहिए। एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को 100 प्रतिशत शुद्ध और अद्यतन करना है। इसके लिए प्रशासन और मतदाता दोनों की भागीदारी जरूरी है। इस मौके पर एसडीएम थानेसर अमन कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
634432 मतदाताओं यानी 80.94 प्रतिशत मतदाताओं का डाटा किया डिजिटाइजेशन
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला में 810 बूथों पर 783831 मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। अभी तक 777108 मतदाताओं यानी 99.14 प्रतिशत को एन्यूमरेशन फार्म बांटे जा चुके हैं। इनमें लाडवा विधानसभा में 99.62 प्रतिशत, शाहाबाद विधानसभा में 99.96 प्रतिशत, थानेसर विधानसभा में 97.43 प्रतिशत और पिहोवा विधानसभा में 98.74 प्रतिशत शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि 634432 मतदाताओं यानी 80.94 प्रतिशत मतदाताओं का डाटा डिजिटाइजेशन कर दिया गया है। इनमें लाडवा विधानसभा में 172386 मतदाता यानी 87.11 प्रतिशत, शाहाबाद विधानसभा में 153668 मतदाता यानी 88.74 प्रतिशत, थानेसर विधानसभा में 155216 मतदाता यानी 68.09 प्रतिशत और पिहोवा विधानसभा में 155216 यानी 84.09 प्रतिशत का कार्य शामिल है।
21 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का होगा प्रकाशन
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि 14 जुलाई, 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म बांटना व प्राप्त करना, 14 जुलाई, 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (पुनर्गठन/सुधार), 21 जुलाई, 2026 तक ड्राफ्ट (प्रारूप) मतदाता सूची का प्रकाशन, 21 जुलाई, 2026 से 20 अगस्त, 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि, 21 जुलाई, 2026 से 18 सितंबर, 2026 तक दावों और आपत्तियों का निपटारा (निस्तारण) तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर, 2026 को किया जाएगा।