
मथुरा में भीषण सड़क हादसा: डीग की दो महिलाओं की मौत, 12 से अधिक घायल, स्कूल बस के सभी बच्चे सुरक्षित
मथुरा। मथुरा के अलीगढ़ रोड पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में डीग जिले की दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कूल बस ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर और ट्रॉली अलग हो गए तथा ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि स्कूल बस में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार डीग जिले के अधेय्या खुर्द गांव के करीब 24 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मथुरा के हरदपुर गांव में एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी ट्रॉली अलीगढ़ रोड पर बिरहाना गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रॉली पलटने से कई लोग उसके नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान रजनी पत्नी अजय कुमार और शशि पत्नी नरेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं प्रताप, नरेंद्र, विक्रम, रंगीला, अनीता सहित 12 से अधिक घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। साथ ही पुष्टि की कि स्कूल बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Weir, Bharatpur | Jul 11, 2026