
अस्पताल में नवजात शिशुओं के वार्ड से ऑक्सीजन पाइपलाइन चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 3 लाख रुपये के कॉपर पाइप बरामद, अन्य 4 चोरी की वारदातों का खुलासा
पंचकूला/ 15 जुलाई:- पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 ने एक गंभीर और संवेदनशील चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल के नवजात शिशु वार्ड में लगी मेडिकल ऑक्सीजन एवं सक्शन की कॉपर पाइपलाइन चोरी कर न केवल सरकारी संपत्ति को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया, बल्कि ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने से वेंटिलेटर और ऑक्सीजन पर निर्भर नवजात बच्चों की जान को खतरा उत्पन्न हो गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए कॉपर पाइप भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहले भी 4 चोरी की वारदातें स्वीकारी है।
थाना सेक्टर-7 पंचकूला में सिविल अस्पताल के कर्मचारी की शिकायत पर 11 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि अस्पताल के एमसीएच ब्लॉक से अज्ञात व्यक्तियों ने मेडिकल ऑक्सीजन एवं सक्शन की कॉपर पाइपलाइन काटकर चोरी कर ली थी। पाइपलाइन टूटने से मेडिकल ऑक्सीजन का लगातार रिसाव होता रहा, जिसके कारण अस्पताल में ऑक्सीजन का दबाव अचानक कम हो गया और गंभीर रूप से भर्ती मरीजों, विशेषकर नवजात शिशुओं के जीवन पर संकट उत्पन्न हो गया। इस घटना से अस्पताल को लगभग तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान भी हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 को सौंपी गई। गुप्त सूचना के आधार पर इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में टीम ने आरोपी पंकज राणा उर्फ पंकू निवासी महादेव कॉलोनी, सूरजपुर, पिंजौर तथा करण कुमार उर्फ जादू निवासी यमुनानगर (हाल निवासी महादेव कॉलोनी, सूरजपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अस्पताल में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए मेडिकल ऑक्सीजन पाइपलाइन के कुल 50 टुकड़े बरामद किए।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी एवं नशा तस्करी जैसे मामलों में संलिप्त रहे हैं तथा उनके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia