
*थाना सदर फतेहाबाद की कार्रवाई, कचरा डोडा पोस्त बरामदगी मामले में चौथा सह-आरोपी काबू*
*– हांसपुर-सर्दूलगढ़ रोड पर मोटरसाइकिल सवार आरोपियों से बरामद हुआ था 15 किलो 155 ग्राम कचरा डोडा पोस्त*
*– नशा सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने चौथे सह-आरोपी तक पहुंच बनाई*
फतेहाबाद, 16 सितंबर। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर फतेहाबाद की टीम ने 15 किलो 155 ग्राम कचरा डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए चौथे सह-आरोपी *कुलविन्द्र सिंह उर्फ बिन्दी पुत्र रुप सिंह निवासी वार्ड न0 26 कृष्ण कालोनी मानसा, पंजाब* को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जायेगा।
थाना सदर फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रा ने बताया कि 10 जुलाई 2026 को पुलिस टीम नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर गांव हांसपुर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर हांसपुर-सर्दूलगढ़ रोड पर नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान पंजाब की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार हरविन्द्र सिंह उर्फ काकू निवासी मानसा पंजाब तथा सुखचैन सिंह निवासी गांव मड़, जिला फतेहाबाद को 15 किलो 155 ग्राम कचरा डोडा पोस्त सहित काबू किया गया था।
इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में मुकदमा नम्बर 264 दिनांक 10.07.2026 धारा 15बी-27ए-29-61 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने नशा सप्लाई की पूरी श्रृंखला की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की गई। मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए अब पुलिस ने चौथे सह-आरोपी कुलविन्द्र को काबू किया है। मामले की गहनता से आगामी जांच जारी है।