
पेट में चाकू घोंपकर फरार हुआ आरोपी...
डेढ़ महीने बाद हुआ गिरफ्तार, टेंपो चलाने को लेकर था पुराना विवाद
करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे हत्या के प्रयास के मुख्य आरोपी को आदर्श नगर थाना पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को गिरफ्तार किया गया आरोपी सुनील, आदर्श नगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था।
क्या था पूरा मामला?
शिकायतकर्ता मोहित कुमार, निवासी प्रेमगढ़ यादव कॉलोनी, बल्लभगढ़ ने पुलिस को बताया कि 25 मई को वह अपने भाई शिवम के साथ सेक्टर-62 से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों मलेरना रोड पहुंचे, तभी सुनील और उसका साथी गोविंदा ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर मारपीट करने लगे। इसी दौरान सुनील ने पहले लाठी से शिवम के सिर पर हमला किया, फिर चाकू निकालकर उसके पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
टेंपो चलाने को लेकर था पुराना विवाद
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता मोहित, उसका भाई शिवम और आरोपी सुनील तीनों टेंपो चलाने का काम करते हैं। कुछ समय पहले आपसी कहासुनी के बाद इनके बीच विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर हमला किया।
राजस्थान में छिपा था आरोपी
वारदात के बाद से आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा और राजस्थान के नारनौल क्षेत्र में छिपा हुआ था। पुलिस को सूचना मिली कि वह दो-तीन दिन पहले फरीदाबाद लौटा है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना आदर्श नगर की टीम ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।