
महनसर। श्री रामदेव जी मंदिर महनसर परिसर में मुक्तिधाम विकास समिति की वार्षिक बैठक समिति अध्यक्ष मदन लाल जाखड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समिति के वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
रिटायर्ड गार्ड भागीरथ दानोदिया ने गत जुलाई से अब तक एक वर्ष की आय-व्यय का पूरा विवरण उपस्थित सदस्यों के समक्ष पढ़कर सुनाया। सदस्यों ने प्रतिवेदन का अनुमोदन करते हुए समिति की ओर से किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही आगामी एक वर्ष तक वर्तमान कार्यकारिणी को ही कार्य करने की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए पौधरोपण कार्य की सराहना की गई। वहीं भामाशाह एवं समाजसेवी संजय कसवा द्वारा मुक्तिधाम में पानी के लिए ट्यूबवेल लगवाने पर उनका आभार व्यक्त किया गया।
महंगाई को देखते हुए समिति ने मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए दी जाने वाली जलाने की लकड़ी का शुल्क 2100 रुपये से बढ़ाकर 3100 रुपये करने का प्रस्ताव पारित किया। हालांकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को समिति की ओर से निःशुल्क लकड़ी उपलब्ध कराई जाएगी।
समिति के पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों ने मुक्तिधाम परिसर में लगाए गए पेड़-पौधों के रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने का निर्णय लिया। साथ ही प्रत्येक परिवार से 500 रुपये वार्षिक सहयोग राशि एकत्रित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में जगदीश कस्बा, बुद्धि प्रकाश सर्वा, बजरंग लाल सोहू, भागीरथ सोहू, रजनीश राठी सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में समिति संयोजक भंवर लाल सर्वा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
#tharkiawaazajay #bissau #Mahansar #मुक्तिधाम #rurallife
Churu, Churu | Aug 23, 2026