
नेरवा-चौपाल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, नदी में गिरी बाइक; सिरमौर के व्यक्ति की मौत
नेवटी के पास सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नदी की ओर गिरी मोटरसाइकिल, पुलिस ने रेस्क्यू कर शव सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया
नेरवा (चौपाल)। नेरवा-चौपाल मुख्य मार्ग पर नेवटी के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नदी की ओर जा गिरी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:15 बजे मोटरसाइकिल नंबर HP 98-0885 नेरवा से करीब 3-4 किलोमीटर दूर नेवटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान केवल राम पुत्र नारायण सिंह, निवासी पच्छाद, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी सतीश जस्टा, विशाल भिख्टा सहित अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर पुलिस थाना नेरवा से एएसआई हरदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया।
पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो चौपाल