
*आकांक्षी विकासखंड बजाग के 38 इंडिकेटरों की हुई समीक्षा*
*अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आकांक्षी विकासखंड बजाग की समीक्षा बैठक गुरुवार को जनपद पंचायत बजाग में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री अक्षय डिगरसे ने की। बैठक में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित 38 इंडिकेटरों की विभागवार समीक्षा करते हुए प्रगति में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों को प्रत्येक माह अपने सेक्टर की सभी आंगनबाड़ियों का निरीक्षण करने तथा पोषण ट्रैकर में पेयजल, शौचालय, बिजली एवं पोषण आहार संबंधी जानकारी समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को सीडब्ल्यूएसएन प्रशिक्षित शिक्षकों का प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण कराने, कक्षा 8वीं से 9वीं में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, अनुपस्थित विद्यार्थियों से संपर्क कर नियमित अध्ययन कराने तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं पशुपालन विभाग को एफएमडी टीकाकरण में लक्ष्य अनुसार प्रगति लाने तथा स्वास्थ्य विभाग को एनसीडी पंजीयन, एमसीटीएस पंजीयन एवं नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कृषि, विद्युत, बीएसएनएल एवं पीएचई विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर अध्यक्ष द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षा विभाग को अद्यतन जानकारी के साथ आगामी समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए कहा गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बजाग श्री सचिन अग्रवाल, आकांक्षी ब्लॉक फेलो नीति आयोग डॉ. विकास जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#AspirationalBlock #Bajag #Dindori #ReviewMeeting #GoodGovernance #AdministrativeReview #PerformanceMonitoring #DevelopmentGoals #PublicService #WomenAndChildDevelopment #EducationForAll #SchoolEnrollment #StudentSuccess #Healthcare #Nutrition #NCDScreening #AnimalHealth #FMDVaccination #RuralDevelopment #Teamwork #MadhyaPradesh #ProgressTogether #jansampark #collectordindori #sdmbajag