
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 7 अगस्त से जिले में लगेंगे समाधान शिविर
प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी करेंगे क्षेत्र भ्रमण, शिकायतों का करेंगे त्वरित निराकरण
प्रथम शुक्रवार 7 अगस्त को नगर परिषद् राजनगर में आयोजित होगा शिविर
सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई व लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों का होगा शतप्रतिशत निराकरण
---
शासन के निर्देशानुसार जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 का शुभारंभ 7 अगस्त 2026 से किया जाएगा। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक संचालित रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
जारी आदेश के अनुसार अभियान के अंतर्गत जिले में चरणबद्ध तरीके से समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान के तहत प्रथम शिविर 7 अगस्त 2026 को नगर परिषद राजनगर भवन (ऑडिटोरियम) में आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजनगर की सभी ग्राम पंचायतों एवं निकायों (बमीठा क्लस्टर की पंचायतों को छोड़कर) के हितग्राही शामिल होंगे। इसके बाद 13 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत बक्सवाहा में बक्सवाहा क्लस्टर की ग्राम पंचायतों के लिए समाधान शिविर आयोजित होगा। इसी प्रकार 21 अगस्त को बड़ामलहरा के जनपद भवन में, 03 सितंबर को नौगांव के कृषि विज्ञान केन्द्र में, 11 सितंबर को बिजावर के अटल भवन में, 18 सिंतबर को महाराजपुर के शा.उ.मा वि. में, 25 सितंबर को खजुराहो के कन्वेंशन सेंटर में, 01 अक्टूबर को गढ़ीमलहरा के नगर परिषद् में, 09 अक्टूबर को छतरपुर के ऑडिटोरियम में, 16 अक्टूबर को हरपालपुर के शा.उ.मा. विद्यालय में, 23 अक्टूबर को महेबा के ग्राम पंचायत भवन में, 30 अक्टूबर को सटई के नगर पंचायत भवन में, 06 नवंबर को ईशानगर के शास. हाई स्कूल में, 13 नवंबर को बमीठा के ग्राम पंचायत भवन में, 20 नवंबर को घुवारा तहसील प्रागंण में, 27 नवंबर को शा.प्रा.शा महाराजगंज में, 04 दिसंबर को शा.उ.मा. वि बाजना में, 11 दिसंबर को जपं भवन लवकुशनगर में, 18 दिसंबर को नगर परिषद् चंदला में, 24 दिसंबर को ज.पं भवन गौरिहार में, 01 जनवरी 2027 को नगर परिषद् बारीगढ़ में एवं अभियान के अंतिम चरण में 8 जनवरी 2027 को ग्राम पंचायत भवन सरबई में जनपद पंचायत गौरिहार के सरबई क्लस्टर की ग्राम पंचायतों के लिए शिविर लगाया जाएगा।
प्रत्येक शिविर के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। आदेशानुसार संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे तथा विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई की लंबित शिकायतों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करेंगे। जिन प्रकरणों का समाधान शिविर से पूर्व संभव होगा, उनका निराकरण पूर्व में ही किया जाएगा।
साथ ही अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का संधारण निर्धारित चेकलिस्ट रजिस्टर में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
Jansampark Madhya Pradesh
#chhatarpur