
फरीदाबाद में बड़ा खुलासा: 15 करोड़ की कोकीन के साथ तीन विदेशी गिरफ्तार, एनसीबी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
क्राइम ब्रांच एनआईटी और एनसीबी दिल्ली की संयुक्त टीम ने सूरजकुंड थाना क्षेत्र के लक्कड़पुर स्थित एक मकान में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 करोड़ रुपये कीमत की कोकीन और अन्य मादक पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से नाइजीरिया के दो और कैमरून के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि 15 सितंबर की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच एनआईटी प्रभारी अनिल छिल्लर और एनसीबी की टीम ने शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर की एक इमारत में छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.337 किलोग्राम कोकीन, 26 ग्राम एम्फेटामाइन, 1.378 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाइजीरिया निवासी इफेयानी इमैनुएल, बेल जॉन उर्फ एनुडुन इमैनुएल और कैमरून निवासी रेमी उर्फ अमोस ओवी के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी वर्ष 2018 में भारत आए थे और पिछले तीन साल से फरीदाबाद में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस उनके पासपोर्ट और वीजा की प्रामाणिकता की जांच कर रही है, जिनके फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, और उनके विस्तृत सप्लाई नेटवर्क की तलाश जारी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को उसी मकान में अफ्रीकी देशों के 10 अन्य नागरिकों के रहने की जानकारी भी मिली। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने उनके दस्तावेजों की सत्यता जांचने के लिए एफआरआरओ (विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) दिल्ली से संपर्क किया है। दस्तावेज संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें डिपोर्ट (देश निष्कासन) करने की कार्रवाई की जाएगी।