निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: 27 हजार रिश्वत लेते साम्यागढ़ थानाध्यक्ष सौरभ कुमार गिरफ्तार
पटना/साम्यागढ़:
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में निगरानी की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अवर निरीक्षक-सह-थानाध्यक्ष, साम्यागढ़ सौरभ कुमार को 27,000/- (सत्ताईस हजार) रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी साम्यागढ़ थाना परिसर से ही की गई है।
जेसीबी चलाने के एवज में मांग रहे थे 'हफ्ता'
जानकारी के अनुसार, साम्यागढ़ थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर निवासी मनोज कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी मनोज कुमार का आरोप था कि क्षेत्र में जेसीबी (JCB) मशीन चलाने के एवज में थानाध्यक्ष सौरभ कुमार द्वारा नियम बना कर साप्ताहिक रिश्वत (हफ्ता) की मांग की जा रही थी।
थाना परिसर में ही बिछाया गया जाल
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने मामले को सही पाया और त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष धावादल का गठन किया। योजनाबद्ध तरीके से जैसे ही परिवादी मनोज कुमार ने थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को साम्यागढ़ थाना परिसर में रिश्वत की राशि के रूप में 27,000 रुपये दिए, पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने आरोपी थानाध्यक्ष को धर दबोचा।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार पुलिस अधिकारी को आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के लिए निगरानी की विशेष अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
#मोकामा #घोसवरी #साम्यागढ़ #बिहार #CrimeNews #AnantSingh
Mokameh, Patna | Jul 20, 2026