#शत्रुध्न_तिवारी_पर_गंभीर_आरोप..
भरतपुर। भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवारी के खिलाफ महिला खिलाड़ियों से उत्पीड़न और छेड़छाड़ समेत कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एनुअल जनरल बॉडी मीटिंग में पहुंचे आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव ने शुक्रवार को मीडिया के सामने आरोपों की जानकारी रखी है। डॉ. यादव ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील और पॉक्सो एक्ट से जुड़ा होने के कारण एक 4 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो अगले 25 दिन में पीड़ित पक्ष, गवाहों और सचिव के बयान लेकर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि यदि आरोप सही पाए गए तो दोषी पदाधिकारियों पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जाएगा और सरकार को पत्र लिखकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने राज्य की अन्य महिला खिलाड़ियों से भी किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की और कहा कि चयन में गड़बड़ी की शिकायतें पहले भी आती रही हैं, लेकिन उत्पीड़न का ऐसा मामला पहली बार आया है। दूसरी ओर, भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवारी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे पुलिस, एसओजी या किसी भी जांच एजेंसी का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और पहले उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जानी चाहिए। तिवारी ने आरसीए एडहॉक कमेटी के जांच के अधिकार पर भी सवाल उठाए। तिवारी ने कहा कि यदि उन पर लगे आरोप सिद्ध हो जाते हैं, तो वे आजीवन क्रिकेट छोड़ देंगे।
Bharatpur, Bharatpur | Jun 26, 2026