#एडीजी_का_दो_दिवसीय_दौरा..
भरतपुर। जिले के दो दिवसीय दौरे पर भरतपुर पहुंचे एडीजी क्राइम ने पुलिस मुख्यालय के स्थाई आदेशों के तहत जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शनिवार सुबह पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली और विभिन्न सुरक्षा प्रदर्शनों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन की अलग-अलग शाखाओं का भी बारीकी से भ्रमण किया। दौरे के अगले चरण में एडीजी क्राइम ने जिले के सभी थानाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग की। इस बैठक में जिले की कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। दोपहर के बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कामकाज का भी निरीक्षण किया। इससे पहले कल शुक्रवार को उन्होंने मथुरा गेट थाना, सीओ सिटी कार्यालय और उद्योग नगर थाने का भी निरीक्षण किया था। एडीजी क्राइम ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया और दौरे का मुख्य उद्देश्य साल भर के पिछले कामों का आकलन करना है। इसके जरिए यह देखा जाता है कि पुलिस के कामकाज में कहाँ कमियाँ रहीं, कहाँ सुधार की गुंजाइश है और कहाँ अच्छे काम हुए हैं। इसके साथ ही, पुलिस को संसाधनों या अन्य स्तर पर आ रही व्यावहारिक परेशानियों को समझना भी इसका एक बड़ा मकसद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यालय द्वारा सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग जिले आवंटित किए जाते हैं, जिसके बाद वे अपनी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को सौंपते हैं ताकि आवश्यक सुधार किए जा सकें।
Bharatpur, Bharatpur | Jun 6, 2026