देहरा में HRTC कर्मियों की गेट मीटिंग: 24 जून तक भुगतान नहीं हुआ तो 25 से बसें रहेंगी बंद #kangralive #dehra #hrtc
देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के देहरा डिपो में ड्राइवर एवं कंडक्टर यूनियनों की संयुक्त गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा की गई और सरकार व निगम प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई गई।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 24 जून 2026 तक कर्मचारियों के नाइट ओवरटाइम सहित अन्य लंबित देयों का भुगतान नहीं किया गया, तो 25 जून से प्रदेशभर में HRTC बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि लंबे समय से कर्मचारियों का नाइट ओवरटाइम भुगतान लंबित है। इस संबंध में कई बार निगम प्रबंधन और सरकार को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
यूनियन की प्रमुख मांगों में नाइट ओवरटाइम का भुगतान, एरियर जारी करना, मेडिकल बिलों का निपटारा और समय पर वेतन भुगतान शामिल है। नेताओं ने कहा कि इन मांगों को जल्द पूरा किया जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।
ड्राइवर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों के साथ लंबे समय से अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार मांगें उठाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे कर्मचारियों में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 जून तक बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो 25 जून से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं HRTC ड्राइवर के बेटे हैं, इसलिए कर्मचारियों को उनसे विशेष उम्मीदें थीं कि वे उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। यूनियन के अनुसार शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अभी तक उन वादों में से एक भी पूरा नहीं हुआ है।
यूनियन के अनुसार, 9 जून से शुरू हुआ गेट मीटिंग और जन-जागरण अभियान 24 जून तक प्रदेशभर में जारी रहेगा। इसके तहत कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर, सचिव गंगा राम, हिमाचल पथ परिवहन ड्राइवर्स यूनियन सलाहकार दीपक राज, देहरा ड्राइवर्स यूनियन प्रधान सुदर्शन कुमार, सचिव पुरुषोत्तम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Kangra, Kangra | Jun 12, 2026