बस्ती: जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए विकास भवन में प्रशिक्षण शुरू, DM ने बांटी किट
*बस्ती, 06 अक्टूबर 2026।* भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण तीन बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले भर के अधिकारी और जनगणना कार्मिक शामिल हो रहे हैं।
प्रशिक्षण देने के लिए जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर गोपाल मिश्र, दीपक गुप्ता, हेमन्त चौधरी एवं अखिल कुमार गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को डिजिटल माध्यम से डेटा फीडिंग, सही जानकारी संकलन और आवश्यक अभिलेखों को भरने की बारीकियां सिखाईं। इस दौरान *जिलाधिकारी / प्रमुख जनगणना अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना* द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से जनगणना किट भी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का कार्य देश के भविष्य की योजना के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। इसी के आधार पर सरकार की योजनाएं, आरक्षण और विकास कार्य तय होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कार्मिक प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता और ध्यान से प्राप्त करें। प्रशिक्षण के दौरान जो भी प्रश्न या जिज्ञासा सामने आए, उसका नोट्स बनाएं और मास्टर ट्रेनरों से उसका समाधान प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि फील्ड में जाकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्य को पूरी निष्ठा के साथ सकुशल संपन्न कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी / अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी *सार्थक अग्रवाल* ने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह से डिजिटल हो रही है। ऐसे में सभी कार्मिक मन लगाकर मोबाइल ऐप और पोर्टल पर जानकारी दर्ज करना सीखें। जनगणना कार्य में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए प्रशिक्षण के दौरान सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक समझना आवश्यक है।
अपर जिलाधिकारी / जनगणना अधिकारी *ज्ञान चन्द्र गुप्ता* ने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में होगी। यह प्रशिक्षण दूसरे चरण यानि जनसंख्या गणना के लिए है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि फील्ड में जाने से पहले अपनी सभी शंकाओं का समाधान यहीं कर लें।
बता दें कि इस बार लोगों को *स्व-गणना* की भी सुविधा दी गई है।
*जनगणना का पूरा शेड्यूल -*
*16 से 30 नवंबर 2026 * स्व-गणना (लोग खुद अपना विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे)
*01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 -* घर-घर जाकर जनसंख्या गणना
*04 जनवरी 2027 की रात -* रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और सड़क किनारे रहने वाले बेघर लोगों की गणना
*05 से 09 जनवरी 2027 -* पुनरीक्षण चरण
प्रशिक्षण का पहला बैच 06, 07 एवं 08 अक्टूबर, दूसरा बैच 09, 10 एवं 12 अक्टूबर तथा तीसरा बैच 13, 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 6, 2026