*मऊ में पॉलिथीन के खिलाफ एसडीएम का अभियान, 22 दुकानदारों पर ₹14,700 का जुर्माना*
मऊ, चित्रकूट। मऊ नगर पंचायत क्षेत्र में 1 से 12 जुलाई 2026 तक चल रहे प्लास्टिक उन्मूलन महा-अभियान (PUMA 5.0) के तहत शुक्रवार शाम उप जिलाधिकारी राम ऋषि रमन के नेतृत्व में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बाजार रोड एवं बस स्टैंड क्षेत्र की दुकानों पर छापेमारी कर जांच की।
अभियान के दौरान 22 दुकानों से प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद होने पर संबंधित दुकानदारों पर कुल ₹14,700 का जुर्माना लगाया गया। अधिकांश दुकानदारों पर ₹500, कुछ पर ₹1,000 तथा एक दुकानदार पर ₹200 का अर्थदंड लगाया गया।कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी गई। उप जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम राम ऋषि रमन ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करने तथा ग्राहकों को कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर उसे जब्त करने के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।उन्होंने बताया कि PUMA 5.0 अभियान के तहत लोगों को प्लास्टिक एवं प्लास्टिक उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान में कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ बच्चों को भी घर, स्कूल और समाज में प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस दौरान थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव, मऊ थाना पुलिस, नगर पंचायत के कर्मचारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।