उर्स-ए-आला हज़रत को लेकर रेलवे से विशेष ट्रेनों और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
बरेली, 30 जुलाई। आगामी 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को बरेली शरीफ में आयोजित होने वाले उर्स-ए-आला हज़रत एवं उर्स-ए-अमीन-ए-शरीअत के मद्देनज़र ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी (आरएसी) ने मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम), उत्तर रेलवे, मुरादाबाद को ज्ञापन भेजकर जायरीन की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाने की मांग की है।
आरएसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नबीरा-ए-आला हज़रत मौलाना मुहम्मद अदनान रज़ा कादरी ने ज्ञापन में कहा कि उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, ओडिशा, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन उर्स में शामिल होने बरेली पहुंचेंगे। ऐसे में विभिन्न शहरों से बरेली के लिए विशेष ट्रेनें चलाने तथा बरेली होकर गुजरने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने की आवश्यकता है।
ज्ञापन में हाल के दिनों में ट्रेनों में उलमा और अकीदतमंदों पर कथित हमलों और हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सभी आरक्षित और अनारक्षित डिब्बों में पर्याप्त रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही उर्स से एक सप्ताह पहले और एक सप्ताह बाद तक रेलवे की विशेष हेल्पलाइन शुरू करने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि आपात स्थिति में यात्री तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
कमेटी ने बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जतनगर रेलवे स्टेशन सहित उर्स स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार और पूछताछ काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
आरएसी ने कहा कि उसके पदाधिकारी और स्वयंसेवक रेलवे प्रशासन को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय रेल मंत्री, रेल राज्य मंत्री और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को भी भेजी गई है।
#Bareillynewslive
#viral