कांवड़ यात्रा-2026: नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई,शिवभक्त ध्यान दें! कांवड़ यात्रा से पहले हरिद्वार पुलिस की बड़ी एडवाइजरी,कांवड़ यात्रा में जुगाड़ वाहन, रेट्रो साइलेंसर और हथियार पूरी तरह बैन,6 फीट से ऊंची कांवड़ और 10 फीट से ऊंची झांकी पर रोक..
ब्यूरो रिपोर्ट/हिंदुस्तान समाचार।।
भगवान भोलेनाथ के भक्तों की आस्था के सबसे बड़े पर्व कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस ने शिवभक्तों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साफ कर दिया गया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। हरिद्वार पुलिस के अनुसार इस बार कांवड़ यात्रा में जुगाड़ वाहनों और रेट्रो साइलेंसर वाले वाहनों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पैदल कांवड़ लेकर चलने वाले श्रद्धालुओं की कांवड़ की ऊंचाई अधिकतम 6 फीट और झांकियों की ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की गई है, ताकि बिजली की हाईटेंशन लाइनों से हादसे न हों और यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान भाला, त्रिशूल, तलवार या किसी भी प्रकार के नुकीले हथियार लेकर चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही शराब या किसी भी मादक पदार्थ के सेवन अथवा नशे की हालत में हरिद्वार आने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हर श्रद्धालु को अपने साथ वैध पहचान पत्र रखने की सलाह दी गई है। वहीं रेलवे से आने वाले यात्रियों को चेतावनी दी गई है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा करना कानूनन अपराध है, ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट या हुड़दंग से बचें। प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, अनुशासित और सफल बनाने में सहयोग दें। आस्था के इस महापर्व में यदि नियमों का पालन किया जाए तो यात्रा न केवल सुरक्षित होगी बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए यादगार और व्यवस्थित भी बनेगी। इसलिए हरिद्वार पुलिस की अपील है—"नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और भोलेनाथ की भक्ति में अनुशासन बनाए रखें।"