होडल में हवाई फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध कट्टा और बलेनो कार बरामद
पलवल, 18 जुलाई। सीआईए स्टाफ होडल और थाना होडल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए होडल में हवाई फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार, एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा व एक खाली कारतूस बरामद किया है।
सीआईए प्रभारी पीएसआई अमित कुमार ने बताया कि 16 जुलाई की रात धारम पट्टी निवासी सतीश कुमार के घर के पास हवाई फायरिंग हुई थी। एक गोली उनकी छत की ग्रिल से टकराकर आंगन में गिर गई थी। शिकायत के आधार पर थाना होडल में मामला दर्ज कर जांच सीआईए स्टाफ को सौंपी गई।
सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रशांत पुत्र सतबीर और ललित पुत्र यशपाल, दोनों निवासी धारम पट्टी, होडल को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त HR 50L 5234 नंबर की बलेनो कार, अवैध कट्टा तथा कारतूस बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Palwal, Palwal | Jul 18, 2026