"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान 2026 के अंतर्गत सहकारिता विभाग ने रचा कीर्तिमान शाहजहांपुर में रोपे 12,500 से अधिक पौधे
कांट सहकारी संघ में संपन्न हुआ 'वृक्षारोपण महायज्ञ', 'सहकार वाटिका' में रोपे गए पौधे
पारदर्शिता और पौधों की उत्तरजीविता के लिए 'हरितमा अमृत वन ऐप' पर फोटो अपलोड करने के सख्त निर्देश
शाहजहांपुर - पर्यावरण संरक्षण और मातृशक्ति के प्रति सम्मान प्रकट करने वाले शासन के महत्वाकांक्षी "एक पेड़ माँ के नाम वृक्षारोपण अभियान 2026" के तहत आज शाहजहांपुर जनपद में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिले को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ सहकारिता विभाग ने वृहद स्तर पर पौधरोपण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस महाभियान को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आज कांट सहकारी संघ के मोहल्ला गढ़ी पश्चिमी स्थित भूखण्ड पर एक विशाल 'वृक्षारोपण महायज्ञ' का भव्य आयोजन किया गया जिसमें प्रतिभाग करते हुए जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने नवनिर्मित 'सहकार वाटिका' में अपने पौधे रोपकर इस महायज्ञ का शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमूह को प्रकृति के संवर्धन का संदेश देते हुए कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम को केवल रस्म अदायगी तक सीमित न रखते हुए इसकी निरंतरता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। राठौर ने मौके पर ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि रोपे गए प्रत्येक पौधे की तस्वीर अनिवार्य रूप से 'हरितमा अमृत वन ऐप' पर अपलोड की जाए। इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लगाए गए पौधों की सटीक निगरानी हो सके और उनकी शत-प्रतिशत उत्तरजीविता (सरवाइवल रेट) तय किया जा सके।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक ने कहा कि सहकारिता विभाग के लिए आज का दिन एक बड़ी उपलब्धि का साक्षी बना। विभाग ने अपने अदम्य उत्साह और टीम वर्क के बल पर निर्धारित लक्ष्य को काफी पीछे छोड़ दिया है। जनपद भर में अभियान चलाते हुए सहकारिता विभाग द्वारा आज एक ही दिन में साढ़े बारह हज़ार (12,500) से अधिक पौधे रोपे गए। विभाग के इस साझा प्रयास से न केवल जिले का हरित आवरण (ग्रीन कवर) बढ़ेगा, बल्कि बढ़ते प्रदूषण से निपटने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में आयुजको ने नागरिकों से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि वे भी इस जन-आंदोलन का हिस्सा बनें। अपनी पूजनीय माता जी के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और एक बच्चे की तरह उसका लालन-पालन करें, ताकि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक शुद्ध, सुरक्षित और हरा-भरा पर्यावरण दे सकें ।
कार्यक्रम में एडीसीओ संजय सिंह, उपमहाप्रबंधक राजेश कुशवाहा, भाजपा नेता छोटे लल्लू सिंह चौहान, ऐडीओ कांट विजय राज, शाखा प्रबंधक जिया लाल मौर्य, कांट संघ अध्यक्ष उपेंद्र सिंह पिंटू, सचिव सर्वेश यादव, अमित कुमार सिंह, हरिगोपाल, रामेशचंद्र,राहुल,ओमकार,कपिल आदि मौजूद रहे।