छात्र हितों को लेकर एबीवीपी ने खोला मोर्चा
- पैदल पाथ निर्माण, ओल्ड ब्लॉक की मरम्मत और पत्रकारिता विषय बहाल करने की उठाई मांग
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रामपुर इकाई ने शुक्रवार को विभिन्न छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने पुराने बस अड्डे से राजकीय महाविद्यालय के मुख्य द्वार तक प्रस्तावित पगडंडी निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर उसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने, महाविद्यालय के ओल्ड ब्लॉक की मरम्मत के लिए नगर निगम (एमसी) से आवश्यक धनराशि जल्द स्वीकृत कर निर्माण कार्य आरंभ करने तथा राजकीय महाविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय को पुनः सुचारू रूप से शुरू करने की मांग उठाई।
एबीवीपी के विभाग संयोजक रवि वर्मा ने कहा कि परिषद कई वर्षों से पुराने बस अड्डे से महाविद्यालय तक पगडंडी निर्माण की मांग कर रही है। इस मांग को लेकर गत वर्ष परिषद के कार्यकर्ताओं ने लगातार 56 घंटे की भूख हड़ताल भी की थी। उस समय प्रशासन की ओर से जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर आंदोलन समाप्त किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने प्रशासन से इस कार्य को बिना किसी और देरी के शुरू करने की मांग की।
रवि वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय महाविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय को बंद किए जाने से इस विषय का अध्ययन कर रहे कला संकाय के द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए इस विषय को पुनः बहाल करने की मांग की।
विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन छात्र हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी।
Rampur, Shimla | Jul 10, 2026