BAGHPAT DESK : बागपत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 15 लाख रुपये कीमत का 21.562 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान गाजियाबाद निवासी शशि भूषण पुत्र जीत नारायण के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बुधवार को बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के टियोढी गांव के पास चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, शशि भूषण बड़ौत में गांजे की डिलीवरी देने आ रहा था। उसने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को एक सूटकेस और एक बैग में छिपा रखा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने यह खेप बरामद की।
कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि यह गांजा सप्लाई के लिए लाया गया था। पुलिस अब इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि इसके पीछे के पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायर का पता लगाया जा सके।