वार्ड 22 में बुजुर्ग महिला से सोने की बाली लूटी, स्कूटी सवार नकाबपोश फरार
अनूपगढ़। अनूपगढ़ के वार्ड नंबर 22 में करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला अमरजीत कौर से लूट की वारदात सामने आई है। स्कूटी सवार दो अज्ञात नकाबपोशों ने महिला के एक कान से सोने की बाली छीन ली और चुना फाटक की ओर फरार हो गए।
अमरजीत कौर गांव 90 जीबी की रहने वाली बताई जा रही हैं। वह वार्ड नंबर 22 से चुना फाटक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर आए दोनों नकाबपोशों ने वारदात को अंजाम दिया। मौके पर मौजूद एक मजदूर ने लुटेरों को रोकने का प्रयास किया और उनकी स्कूटी पर पत्थर भी मारा, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।
वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। भाजपा नेता मुकेश शर्मा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी करतार सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और जांच कर रही है। मामले की जांच एएसआई लालचंद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Anupgarh, Ganganagar | Sep 17, 2026