न्याय की गुहार लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता, विवेचक पर भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के लगाए गंभीर आरोप
बरेली। थाना सिरौली क्षेत्र की एक पीड़िता ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने विवेचक उपनिरीक्षक विवेक चौधरी पर भ्रष्टाचार, उत्पीड़न, पक्षपात और आरोपियों को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता आरती, पत्नी लोकेंद्र पाल, निवासी ग्राम सुनरासी, पुलिस चौकी नवाबपुरा खुर्द, थाना सिरौली ने मुख्यमंत्री के नाम दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि थाना सिरौली में दर्ज मुकदमा संख्या 219/2026 की विवेचना निष्पक्ष तरीके से नहीं की जा रही। उनका कहना है कि विवेचक द्वारा उन्हें बार-बार थाने बुलाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जबकि आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवेचक ने आरोपियों से रिश्वत ली है और इसी कारण गिरफ्तारी नहीं की जा रही। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके बयान और साक्ष्यों की अनदेखी की गई तथा मामले में उचित धाराएं भी नहीं लगाई गईं।
पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी विवेचक, संबंधित पुलिस प्रशासन और प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके प्रार्थना पत्र पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Bareilly news Live
#Viral