#गुना - सेवा यात्रियों ने गुना में चलाया स्वच्छता अभियान, सफाई मित्रों का किया सम्मान
‘वडनगर से वाराणसी’ सेवा यात्रा के यात्रियों ने साझा किए अनुभव, विधायक-कलेक्टर ने किया उत्साहवर्धन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘वडनगर से वाराणसी’ सेवा यात्रा के गुना पहुंचने पर यात्रियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान नगर पालिका के सफाई मित्रों को माला पहनाकर एवं गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सेवा यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें गुना से सकारात्मक अनुभव लेकर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
यात्रियों का रखें ध्यान, अच्छे अनुभव के साथ जाएं — विधायक
इस अवसर पर गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने कहा कि भारत भूमि पर बड़े-बड़े ऋषि-मुनि और संपन्न लोग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रा के जो यात्री हमारे जिले में आए हैं, उनका हमें ध्यान रखना चाहिए, ताकि वे यहां से उत्साहित होकर जाएं और गुना की अच्छी यादें अपने साथ लेकर आगे बढ़ें।
सफाई मित्रों के सहयोग से स्वच्छता को बनाएं जनभागीदारी
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका के सफाई मित्र लगातार शहर की स्वच्छता के लिए कार्य करते हैं। हम सभी को उनका सहयोग करना चाहिए और उनके कार्य का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रा के अंतर्गत आई टोली के लिए भी हमें ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे गुना से अच्छी याद और अच्छा अनुभव लेकर अपने जिले के लिए रवाना हों।
आधुनिक खेती से जिले के किसान बना रहे नई पहचान — कलेक्टर
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि सेवा यात्रा के दौरान आए यात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए, जो गुना जिले के लिए अच्छी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का उद्देश्य देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति को कई गुना बेहतर बनाना है। गुना जिले में भी किसान परंपरागत खेती से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीक और हॉर्टिकल्चर को अपना रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के उन्नत कृषकों द्वारा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सब्जी, अमरूद और गुलाब जैसी फसलों की खेती की जा रही है। इससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ जिले की कृषि को नई पहचान मिल रही है।
स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, सीएमओ श्री शैलेश अवस्थी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधितजन उपस्थित रहे।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner
Guna, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026