देवास। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन FAST 2.0” के तहत देवास पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल कर अलग-अलग तरीकों से लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस जांच में अब तक सामने आए 6 मामलों में करीब 10 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग लोगों के नाम पर सिम कार्ड लेकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी में करते थे। इसके अलावा कुछ आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर सस्ते दामों में मोबाइल और लैपटॉप बेचने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर भी ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह से जुड़े 398 सिम कार्ड पूर्व में दिल्ली साइबर क्राइम द्वारा जब्त किए जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने अजय परमार उम्र 35 वर्ष, अजय उम्र 32 वर्ष, नितिन बामड़िया उम्र 19 वर्ष, अभिषेक कुमावत उम्र 22 वर्ष, विशाल सिंह गौड़ उम्र 21 वर्ष, राजकुमार उर्फ छोटू उम्र 21 वर्ष और अंकित कुमावत उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी देवास और उज्जैन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
यह कार्रवाई एसपी पुनीत गेहलोत के निर्देशन, एएसपी एच.एन. बाथम एवं सीएसपी सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी अमित सोलंकी के नेतृत्व में की गई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर गिरोह से जुड़ी अन्य साइबर ठगी की वारदातों, फर्जी सिम कार्ड के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews