#बोकारो : #डीएवी #कथारा में #अंतर्राष्ट्रीय #योग #दिवस पर #योग #उत्सव का #आयोजन
बेरमो : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा के प्रांगण में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि योग भारतीय इतिहास और सनातन ऋषि-परंपरा की उत्कृष्ट धरोहर है। उन्होंने कहा कि योग आधुनिक जीवन की भागदौड़, तनाव और असंतुलित जीवनशैली के बीच शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योग आसनों के साथ अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान का अभ्यास किया। ओम उच्चारण और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, सीसीए विभाग और शारीरिक शिक्षा विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।