कुरु गांव में 15 दिन में दूसरी बार टूटी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीणों में आक्रोश
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरु गांव में शुक्रवार सुबह डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा दोबारा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सुबह जब ग्रामीण प्रतिमा स्थल पर पहुंचे तो प्रतिमा का हाथ टूटा हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले, 24 जून को भी इसी स्थान पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था। उस समय प्रशासन ने पुरानी प्रतिमा हटवाकर नई प्रतिमा स्थापित कराई थी। इसके बावजूद दोबारा प्रतिमा टूटने की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रतिमा की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो दोबारा ऐसी घटना नहीं होती। लोगों ने आशंका जताई कि किसी अराजक तत्व ने माहौल खराब करने की नीयत से प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना पर कपसेठी थाना पुलिस के साथ एसडीएम पिंडरा और एसीपी राजातालाब वीर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने नई प्रतिमा स्थापित करा दी है, जबकि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।