अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने किया "एक नाम – एक वृक्ष" अभियान का शुभारंभ, 31 दिसंबर तक 5100 पौधारोपण का लक्ष्य
अंबाला, 1 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नई अनाज मंडी, अंबाला शहर में पूर्व मंत्री असीम गोयल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा की उपस्थिति में "एक नाम – एक वृक्ष" अभियान का शुभारंभ किया गया।
मार्केट कमेटी, अंबाला शहर के चेयरमैन जसविंदर सिंह उगाड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से प्रेरित होकर यह पहल शुरू की गई है। इसका उद्देश्य प्रत्येक आढ़ती, किसान और नागरिक को अपने नाम से एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में नई अनाज मंडी के सभी आढ़तियों के नाम से पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद सब्जी मंडी और मार्केट कमेटी के अधीन आने वाले गांवों में किसानों, पंचायतों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से इसे आगे बढ़ाया जाएगा।
मार्केट कमेटी ने 31 दिसंबर 2026 तक 5100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। प्रत्येक पौधे को किसी व्यक्ति के नाम से जोड़कर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी, ताकि पौधे वृक्ष बन सकें।
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा ने किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों और युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन गुलशन कालड़ा, कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मक्खन लाल गोयल, राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रधान राजेश बंसल, मार्केट कमेटी के सदस्य, व्यापारी, आढ़ती और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Ambala Media | खबरें ही खबरें
सत्य • निष्पक्ष • सबसे पहले
Ambala, Ambala | Aug 3, 2026