मऊ के सोहराबपुर ग्राम सभा मे 20 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के सोहराबपुर ग्राम सभा में शुक्रवार को पोखर में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सोहराबपुर निवासी बृजभान (20) पुत्र पारसराम शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बकरी चराने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक उसके वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर स्थित पोखर के पास बकरी दिखाई दी। जब उसकी मां पोखर के किनारे पहुंची तो पानी में बेटे का शव उतराता देख चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद शव को पोखर से बाहर निकाला गया।