पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना: छतरपुर जिले से 13वें गंभीर मरीज को निःशुल्क भोपाल रेफर किया गया
कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल के निर्देश पर मरीज को समय रहते मिली एयर एम्बुलेंस की सुविधा
एम्स भोपाल में कराया गया भर्ती
-------
प्रदेश के मुख्यमंत्री Dr Mohan Yadav के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में छतरपुर जिले से अब तक 13 गंभीर मरीजों को पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है। इस योजना के माध्यम से अति गंभीर मरीजों को खजुराहो एयरपोर्ट से एयर एम्बुलेंस द्वारा शीघ्र भोपाल पहुंचाकर समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जो मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है।
25 जुलाई 2026 को बिजावर निवासी 61 वर्षीय अरविंद यादव, पिता रघुराज सिंह यादव, निवासी वार्ड क्रमांक-1, राधाकुंज रेस्ट हाउस के पास, की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर अवस्था में रात लगभग 2 बजे जिला चिकित्सालय छतरपुर के आईसीयू में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय परीक्षण में मरीज को एमआई विद ब्रैडीकार्डिया (MI with Bradycardia) की गंभीर स्थिति पाई गई।
मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. शरद मिश्रा ने मरीज का परीक्षण किया। उपचार के दौरान मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता को दी गई। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल उच्च स्तरीय उपचार के लिए भोपाल रेफर करने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अनुमति के उपरांत मरीज को एम्स भोपाल रेफर किया गया तथा पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना के अंतर्गत तत्काल एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मरीज को जिला अस्पताल से 108 एम्बुलेंस के माध्यम से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से एयर एम्बुलेंस द्वारा भोपाल रवाना किया गया। भोपाल एयरपोर्ट पर 108 एम्बुलेंस के जरिए मरीज को सुरक्षित एम्स भोपाल पहुंचाकर भर्ती कराया गया।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से गंभीर मरीज को समय पर उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी। पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना गंभीर परिस्थितियों में मरीजों के लिए त्वरित और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
#chhatarpur